दाइमी सुख - नज़्म

शाइस्ता मुफ़्तीशाइस्ता मुफ़्ती21 Sept 1968

1 min read · 12.4K reads

मोहब्बत दाइमी सुख है

कि जिस को मौत की घड़ियाँ

कभी कम कर नहीं सकतीं

ये मौसम इक दफ़अ आए

तो फिर आ कर ठहर जाए

हसीं शादाब सी कलियाँ

निगाहों में समा जाएँ

तो फिर ये मर नहीं सकतीं

ख़यालों की रवानी में

कि जैसे बहते पानी में

कँवल खिल जाएँ ख़्वाबों के

तो क़ुदरत मुस्कुराती है

इशारा कर के तारों से

छलकते आबशारों से

मधुर सरगोशियाँ कर के

हमें रस्ता दिखाती है

ये रस्ता किस क़दर हैरान-कुन मंज़िल दिखाता है

इसी रस्ते पे इंसाँ ख़ुद को पहली बार पाता है

मोहब्बत को सज़ा कहने से पहले सोच कर रखना

कि जो इस से बिछड़ जाए उसे मंज़िल नहीं मिलती

बिखर जाएँ जो बन कर ख़ाक फिर महफ़िल नहीं मिलती

मोहब्बत दाइमी सुख है

ये सुख मैं चाहती हूँ तेरी आँखों में नज़र आए

कि तू इस काएनात-ए-ख़्वाब का हमराज़ बन जाए

मोहब्बत दाइमी सुख है

शाइस्ता मुफ़्ती
About the poet

शाइस्ता मुफ़्ती

जन्म : 21 Sep 1968 | कराची, सिंध

View profile & all 47 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like