घर की सारी चीज़ों को
बे-रुख़ी से यूँ देखा
जैसे इक तअल्लुक़ हो
फिर न जाने क्या सोचा
एहतियात से टाँगे
पाएँचे इरादों के
इश्तियाक़ से उल्टी
आस्तीन हिम्मत की
एक एक गोशे से
ओढ़नी के पल्लू ने
गर्द-ए-ग़ैरियत झाड़ी
थाम कर हर इक शय को
अपनी आँख से देखा
अपनी सोच से छू कर
अपने हाथ से रक्खा
सारा घर चमक उठा
सारा घर लगा अपना








