सीखूँ अश्कों से बा-वज़ू होना
शैख़ फिर जा के क़िबला-रू होना
मुझ से रखने लगे अदावत सब
रास आया न सुर्ख़-रू होना
दरमियाँ रंजिशों की है दीवार
कैसे मुमकिन हो गुफ़्तुगू होना
जाने किस गुल के हो मुक़द्दर में
अपने गुलशन की आबरू होना
कैसे बन पाएगा समुंदर वो
जिस की क़िस्मत हो आबजू होना
है सुख़न से ही अज़्मत-ए-शाइ'र
कब ज़रूरी है ख़ुश-गुलू होना
'राग' रखिए कुछ उन से दूरी भी
चाहते हैं जो दू-बदू होना








