तलघर के उस कमरे में
तामचीनी के कुछ बर्तन और पुरानी पत्रिकाएँ थीं
मैलखोरे रंग की चादर बिछी थी खटिया पर
पास में एक घड़ा रखा था
हर तरफ़ रंग में रंग और आयु में आयु का मेल था
पुरानी दुर्लभ पत्रिकाओं में
दबी रह गई थी आशा
पुरानी दुर्लभ पुस्तकों की जिल्दों में
धुँधले पड़ चुके थे उनके शब्द
भीतर घुसते ही मैं जान गया था
कि मृत्यु ने इस कमरे में अपना अलाव सुलगा लिया है
दिनों ने हफ़्तों को कुतरना शुरू कर दिया है
और बहुत जल्द यह खाँसी अब थमने वाली है
चाय या काफ़ी?
नहीं कुछ नहीं
सिर्फ़ अनसुने एकांत में सुनाई दिया
किसी स्त्री का विलाप...
‘ये मुझे सहारा देते तो इतने अवश अकेले नहीं होते...
सिर्फ़ तनिक-सी ठौर
और पीले पड़ते काग़ज़ों में कहीं न कहीं मैं...’
कहते हैं
मृत्यु ले गई उन्हें
वे हारे नहीं थे








