जब धूप आग की तरह बरस रही थी
मैं निर्वस्त्र बदन ठंड में ठिठुर रहा था
और आने वाली सर्वथा किसी अपरिचित
आपदा से
आशंकाग्रस्त था।
चारों ओर था सब कुछ अनजान
और भँवर की तरह घूम रहा था
मेरा मस्तिष्क पत्थरों में दबा पड़ा था कहीं
और भुलभुलाती हुई धूल में से
मेरे विचार कहीं भागे जा रहे थे!
मेरा शरीर राख होने के लिए व्यग्र था
किंतु ठंड से बेनिजात था
मेरी आत्मा पर बर्फ़ गिर रही थी चुपचाप
लगातार।
मेरी अस्मिता ढूँढ़ रही थी थोड़े-से सुकून और
गर्माहट के साथ किंचित बची आशा
और वह समुद्र जिसमें डूबकर
मिल सके उसे बच पाने की उम्मीद
इस नाउम्मीदी की कायनात में।








