हमें अपने घर में क्या चाहिए
रूखी-सूखी रोटी और नमक
थोड़ी-सी ज़िंदगी और बहुत-सी जिजीविषा
हमें अपने घर में क्या चाहिए
थोड़ा-सा कोना
थोड़ी-सी हवा
थोड़ी-सी आग
थोड़ा-सा पानी
हमें अपने घर में क्या चाहिए
बहुत-सी किताबें
थोड़ी-सी मजबूरियाँ
थोड़ी-सी ख़ामोशी
थोड़ी-सी राख
हमें अपने घर में क्या चाहिए
थोड़ा-सा प्यार
थोड़ी-सी हरकत
बहुत-सी शराब
थोड़ी-सी कच्ची नींद
हमें अपने घर में क्या चाहिए
थोड़ी-सी मुस्कुराहट
थोड़ी-सी हड़बड़ाहट
थोड़ी-सी शर्म
यह सब देखेंगे कुछ लोग
बेशर्मी से हँसेंगे और चले जाएँगे!








