हमसे हमारा घर पूछकर
उन्होंने हमारा अपमान किया
सद्भावनाओं का कोई अर्थ नहीं रहा
मेरे ख़याल से बस इतना ही काफ़ी है
कि मेरा घर
एक पूरी दुनिया है।
ख़त्म हो रही दुनिया के लिए
वक़्त कितना कम है
कि हम कुछ करें उसे बचाने के लिए।
जहाँ जीवन पलता है!
आख़िर वे कौन हैं
अदृश्य सीमाएँ लाँघकर
चले आते हैं जो
नष्ट करने हमारी नसों का लोहा।
भला ऐसी कौन-सी होगी युक्ति
कि जिससे बचा रहे जीवन
थोड़े-से थोड़ा
और चलती रहें साँसें।








