आप के पहलू में दुश्मन सो चुका

रियाज़ ख़ैराबादीरियाज़ ख़ैराबादी

1 min read · 12.4K reads

आप के पहलू में दुश्मन सो चुका

जाइए होना था जो कुछ हो चुका

हँसती है तक़दीर हँस ले उन के साथ

दिल मुझे मैं अपने दिल को रो चुका

हाथ रक्खा मैं ने सोते में कहाँ

बोले वो झुँझला के अब मैं सो चुका

हश्र में आना था पहले से हमें

हम कब आए जब तमाशा हो चुका

ख़ार उस दिल ने मुझे क्या क्या दिए

मेरे हक़ में ये भी काँटे हो चुका

अब जो घटता है घटे तूफ़ान-ए-अश्क

अपनी क़िस्मत का लिखा मैं धो चुका

बिक गया अम्मामा हो कर रहन-ए-मय

बोझ उतरा सर से झगड़ा तो चुका

तौबा की इस्याँ से अब पूछेगा कौन

जम्अ' की थी जितनी दौलत खो चुका

आफ़्ताब-ए-हश्र कब चमका 'रियाज़'

दाग़-ए-मय दामन से जब मैं धो चुका

रियाज़ ख़ैराबादी
About the poet

रियाज़ ख़ैराबादी

View profile & all 49 Poems / Stories