मुझे कुछ नहीं ख़रीदना

Ravindra Swapnil Prajapatiरवीन्द्र स्वप्निल प्रजापति

2 min read · 12.6K reads

मुझे कुछ नहीं ख़रीदना आज

कुछ नहीं ख़रीदना आज मुझे बादल देखना है

तुम कितना भी आग्रह के होर्डिंग लगाओ

तुम कुछ भी कहो पर मैं ख़रीदना नहीं चाहता

मैं तालाब के किनारों पर बादलों को देखने जा रहा हूँ

रोज़-रोज़ तुम बहुत से बहाने लेकर आते हो

पर आज मैं किसी तरह फँसना नहीं चाहता

आज मैं कुछ नहीं ख़रीदना चाहता

तुम मुझे बादलों को देखने से नहीं रोक सकते

मैं नहीं लेना चाहता एक के साथ एक फ़्री

दो के साथ एक शर्ट नहीं लेना चाहता

यह त्रासदी है कि तुम एक के साथ एक फ़्री दे रहे हो

तुम पचास प्रतिशत में सेल लगाकर लगातार

अवमूल्यन कर रहे हो मेरा और मेरे श्रम का

ये कैसी समृद्धि है इस शहर के चारों तरफ़

कैसी होड़ है कैसी दौड़ है मेरे चारों तरफ़

मुझे मौसम नहीं देखने देती

बादलों के बदलते आकारों में

कल्पनाएँ करने की फ़ुरसत छीन लेती है

ख़रीदना ज़रूरी है बाज़ार की इस रोशनी के बीच

यूँ ही चलना मुश्किल कर दिया गया है

मैं बादल देखना चाहता हूँ कुछ ख़रीदना नहीं

मुझे यह पता है कि रुपया जितना तेज़ घूमेगा

हमारे हाथों में समृद्धि उतनी तेज़ आएगी

पर क्या तुमको पता है मेरे पास रुपया है

है भी तो क्या उससे सिर्फ़ ख़रीदना ही ज़रूरी है

मैं आज बादल ख़रीदना चाहता हूँ लेकिन

कैसा रुपया है जिसे बादल इसे नहीं लेते

किनारे और लहरें भी नहीं लेते

सूरज की धूप और पेड़ भी नहीं लेते इसलिए

आज मैं कुछ नहीं ख़रीदना चाहता।

Ravindra Swapnil Prajapati
About the poet

Ravindra Swapnil Prajapati रवीन्द्र स्वप्निल प्रजापति

जन्म : १५ जून १९७०, भोपाल में। शिक्षा : एम. ए. (हिंदी), बी. एड. फिल्म स्क्रिप्ट रायटिंग में डिप्लोमा। कार्यक्षेत्र : ६ साल तक अध्यापन के बाद अब राज एक्सप्रेस हिंदी में उपसंपादक। अनेक कहानियाँ, कविताएँ और आलेख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित।

View profile & all 12 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like