तुम मेरी टीचर हो और दुनिया एक क्लास है
हमारी कक्षा में सूरज का लैंप टँगा है
चाँद-तारों का नक़्शा लगा है
जीवन मेरा सिलेबस की तरह रखा है
शहर, किताबें और खेत कापियाँ बन गए
तुम मुझे पढ़ा रही हो एक शहर में
किसी दूसरे शहर में पढ़ रहा हूँ
कभी ऑफ़िस में तो कभी घर में
कितना कुछ है तुम्हारी कक्षा में
सभ्यता का सारा ज्ञान और सूचनाएँ
सूरज की किरणों से लिख रहा हूँ होमवर्क
लहरों की तरह झिलमिला रहा है ज्ञान का जल
वाद-विवाद के अनंत घाटों पर
बना रहा हूँ धरती का शिल्प
अपने जीवन के सिलेबस से खेल रहा हूँ
मेरी कक्षा में मौसमों के सारे रंग उतर रहे हैं
बारिश में तुम्हारे साथ भीग रहा हूँ
सिकुड़ रहा हूँ सर्दियों की हवाओं में
धूप में झुलस कर पीपल के नीचे बैठ गया
तुम्हारी कक्षा में हर चीज़ सब्जेक्ट है
और पढ़ने के लिए कितना कुछ है।








