मस्जिद का है ख़याल ख़राबात का ख़याल
वो रिंद हूँ कि है मुझे औक़ात का ख़याल
बरसात में है तौबा-ओ-ताआत का ख़याल
तौबा के साथ साथ है बरसात का ख़याल
शब को वही है ख़्वाब-ए-परेशाँ जो दिन में था
दिन हो गया तो मुझ को वही रात का ख़याल
आली-दिमाग़ हूँ तिरी ज़ुल्फ़ें हैं हाथ में
सौ हाथ का कलेजा है सो हात का ख़याल
ज़ाहिद रहें जनाब ख़याल-ए-इरम से ख़ुश
आराम में है क़िबला-ए-हाजात का ख़याल
ऐ शोख़ चाहता है सफ़ाई ये ख़त्त-ए-सब्ज़
मूसा को है ख़िज़र की मुलाक़ात का ख़याल
बोसे दिए हैं आप ने तो ले के नक़द-ए-दिल
सदक़े का ध्यान था मुझे ख़ैरात का ख़याल
उम्र-ए-गुज़िश्ता चाहिए ताअ'त के वास्ते
हम क्यों करें तलाफ़ी-ए-माफ़ात का ख़याल
तुम ख़ूब जानते हो समझते हो क्या कहूँ
जिस रात का ख़याल है जिस बात का ख़याल
जाम-ओ-कबाब-ओ-मय गुल-ओ-गुल-रू-ओ-माह-ओ-बाग़
बरसात में ज़रूर है इन सात का ख़याल
पल्ले में बाँध ले दिल-ए-'रासिख़' पयाम्बर
उन के लिए है गर तुझे सौग़ात का ख़याल








