सदा बरसने वाला मेघ

Ramanath Awasthiरमानाथ अवस्थी

1 min read · 12.6K reads

मैं सदा बरसने वाला मेघ बनूँ
तुम कभी न बुझने वाली प्यास बनो ।

संभव है बिना बुलाए तुम तक आऊँ
हो सकता है कुछ कहे बिना फिर जाऊँ
यों तो मैं सबको बहला ही लेता हूँ
लेकिन अपना परिचय कम ही देता हूँ ।

मैं बनूँ तुम्हारे मन की सुन्दरता
तुम कभी न थकने वाली साँस बनो।

तुम मुझे उठाओ अगर कहीं गिर जाऊँ
कुछ कहो न जब मैं गीतों से घिर जाऊँ
तुम मुझे जगह दो नयनों में या मन में
पर जैसे भी हो पास रहो जीवन में ।

मैं अमृत बाँटने वाला मेघ बनूँ
तुम मुझे उठाने को आकाश बनो।

हो जहाँ स्वरों का अंत वहाँ मैं गाऊँ
हो जहाँ प्यार ही प्यार वहाँ बस जाऊँ
मैं खिलूँ वहाँ पर जहाँ मरण मुरझाए
मैं चलूँ वहाँ पर जहाँ जगत रुक जाए ।

मैं जग में जीने का सामान बनूँ
तुम जीने वालों का इतिहास बनो ।

Ramanath Awasthi
About the poet

Ramanath Awasthi रमानाथ अवस्थी

Ramanath Awasthi was born in Fatehpur, Uttar Pradesh. He worked for years as a producer in All India Radio. His main poetic works are 'Suman- Saurabh,' Fire and Parag, 'Ash and Shehnai' and 'Do not close the door. He is a popular and melodious lyricist. He ha…

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like