वे दिन

Ramanath Awasthiरमानाथ अवस्थी

1 min read · 12.8K reads

              याद आते हैं फिर बहुत वे दिन
              जो बड़ी मुश्किलों से बीते थे !

शाम अक्सर ही ठहर जाती थी
देर तक साथ गुनगुनाती थी !
हम बहुत ख़ुश थे, ख़ुशी के बिन भी
चाँदनी रात भर जगाती थी !
              हमको मालूम है कि हम कैसे
              आग को ओस जैसे पीते थे !
घर के होते हुए भी बेघर थे
रात हो, दिन हो, बस, हमीं भर थे !
डूब जाते थे मेघ भी जिसमें
हम उसी प्यास के समन्दर थे !
              उन दिनों मरने की न थी फ़ुरसत,
              हम तो कुछ इस तरह से जीते थे !
आते-जाते जो लोग मिलते थे
उनके मिलने में फूल खिलते थे !
ज़िन्दगी गंगा जैसी निर्मल थी,
जिसमें हम नाव जैसे चलते थे !
              गंगा की ऊँची-नीची लहरों से
              हम कभी आगे कभी पीछे थे !
कोई मौसम हो हम उदास न थे
तंग रहते थे, पर निराश न थे !
हमको अपना बना के छोड़े जो
हम किसी ऐसे दिल के पास न थे !
              फूल यादों के जल गए कब के
              हमने जो आँसुओं से सींचे थे ।

Ramanath Awasthi
About the poet

Ramanath Awasthi रमानाथ अवस्थी

Ramanath Awasthi was born in Fatehpur, Uttar Pradesh. He worked for years as a producer in All India Radio. His main poetic works are 'Suman- Saurabh,' Fire and Parag, 'Ash and Shehnai' and 'Do not close the door. He is a popular and melodious lyricist. He ha…

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like