भूल कर भी इधर नहीं आता
वो कभी राह पर नहीं आता
किस का जल्वा नज़र से गुज़रा है
कि मुझे कुछ नज़र नहीं आता
चर्ख़-ए-गर्दिश से थक गया शब-ए-हिज्र
दिन निकलता नज़र नहीं आता
बह गया दिल तो ग़म नहीं ऐ चश्म
काम में क्या जिगर नहीं आता
हूँ शब-ए-वस्ल इस क़दर बे-ख़ुद
बीम-ए-मर्ग-ए-सहर नहीं आता
किस गली में चला हूँ मरने को
शौक़ में कुछ नज़र नहीं आता
तेरा कूचा अगर बहिश्त नहीं
जा के क्यूँ नामा-बर नहीं आता
फेर देनी छुरी तो आती है
लुत्फ़-ए-सय्याद अगर नहीं आता
नौ-गिरफ़्तारी-ए-मुसीबत देख
हम को नाला भी कर नहीं आता
दिल को क्या जाने क्या हुआ 'सालिक'
चैन क्यूँ रात-भर नहीं आता








