बीज - पुष्पिता

पुष्पितापुष्पिता14 Sept 1960

3 min read · 12.4K reads

औरत सहती रहती है
और चुप रहती है
जैसे रात

औरत सुलगती रहती है
और शांत रहती है
जैसे चिंगारी

औरत बढ़ती रहती है
सीमाओं में जीती रहती है
जैसे नदी

औरत फूलती-फलती है
पर सदा भूखी रहती है
जैसे वृक्ष

औरत झरती और बरसती रहती है
और सदैव प्यासी रहती है
जैसे बादल

औरत बनाती है घर
पर हमेशा रहती है बेघर
जैसे पक्षी

औरत बुलंद आवाज़ है
पर चुप रहती है
जैसे शब्द

औरत जन्मती है आदमी
पर ग़ुलाम रहती है सदा
जैसे बीज ।
पुष्पिता
About the poet

पुष्पिता

View profile & all 196 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like