गुमशुदा - पुरुषोत्तम अग्रवाल

पुरुषोत्तम अग्रवालपुरुषोत्तम अग्रवाल25 Sept 1955

6 min read · 12.4K reads

यह औरत कुछ दिन से लापता है
दूर नहीं, पड़ोस में ही
जमना के कश्तीपुल के आस-पास कहीं रहती थी
यह औरत
किसी घर में

दीवारों का कच्चापन झाँकता है
नीली-हरी पन्नियों के चमक के पीछे
दिखता है गन्ने को लुगदी में बदलता कोल्हू
दिखता है कश्तियों का पुल
घर का नहीं, घर के जरा पास का पुल

घर का बीमार, बोशीदा दरवाज़ा
खुलते बंद होते वक़्त
कुछ कहता है
चरमराती, काँपती आवाज़ में
सुन कर कोई, कोई भी बेकाबू नहीं होता
क्यों हो? दरवाज़ फ़कत कहानी ही तो कहता है.

ख़ैर, आप तो वो सामने इश्तेहार देखिए
बीच में तस्वीर लापता औरत की
कोई फ़ोन नंबर,
कहीं नहीं बीमार बोशीदा दरवाज़ा
कहीं नहीं गन्नों को लुगदियों में बदलता कोल्हू
कहीं नहीं कश्तियों का पुल
फ़कत एक चेहरा है
गौर से इसे बाँचें
किसका है यह चेहरा
शायद आप पहचानें

इतनी सिलवटें और झुर्रियां कितनी सारी
एक दूसरे से बतियाते, एक दूसरे से लड़ते
इतने सारे निशान, एक इबारत बनाते
इस छोटे से चेहरे पर
इतनी उलझनें इत्ते से बालों में
जरा गौर से देखें
शायद आप पहचान लें इस चेहरे को

पुल, कोल्हू, दीवार और दरवाजे का तिलिस्म भेद
यह औरत तो चली आई गुमशुदगी तक
घर छूट गया पीछे ही
बच गया
लापता होने से
पुरुषोत्तम अग्रवाल
About the poet

पुरुषोत्तम अग्रवाल

इनका जन्म 25 अगस्त 1955 को ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुआ। इन्होंने १९७४ में महारानी लक्ष्मी बाई कॉलेज, ग्वालियर, मध्य प्रदेश से स्नातक की डिग्री प्राप्त की. १९७७ में जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर, मध्य प्रदेश से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर करने के बाद भा…

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like