अश्वमेध - पुरुषोत्तम अग्रवाल

पुरुषोत्तम अग्रवालपुरुषोत्तम अग्रवाल25 Sept 1955

4 min read · 12.4K reads

तुम बहुत सरपट दौड़े हो
थोड़ा ठहर जाओ
न, तुम नहीं थके,
जानता हूँ
लेकिन तुम्हारी दौड़ ने बहुतों को कुचला है
ठहर जाओ ।

तुम्हारी रगों में फड़कती बिजली
तुम पर नहीं
दूसरों पर गिरती है
कोई वल्गा नहीं तुम्हारे मुँह में
फ़िर भी तुम्हारी पीठ खाली नहीं
वहाँ सवार है पताका
जिसकी फहराती नोंक
तुम्हें नहीं दूसरों को चुभती है
ठहर जाओ ।

तुम पूजित हो, अलंकृत हो
ऊर्जा तुममें छटपटाती है

सारी दूब को रौंद कर जब तुम लौटोगे
बिना थके भूमंडल को नाप लेने के
उन्माद से काँपते, सिर्फ़, सिर्फ़ उत्तेजना के कारण
हाँफते
तब तुम्हें काट डालेंगे
वे ही लोग – जिनके लिए तुम दौड़े थे ।

वे काट डालेंगे
तुम्हारा प्रचंड मस्तक ।

तुम्हारा मेध
उनका यज्ञ है ।
पुरुषोत्तम अग्रवाल
About the poet

पुरुषोत्तम अग्रवाल

इनका जन्म 25 अगस्त 1955 को ग्वालियर, मध्य प्रदेश में हुआ। इन्होंने १९७४ में महारानी लक्ष्मी बाई कॉलेज, ग्वालियर, मध्य प्रदेश से स्नातक की डिग्री प्राप्त की. १९७७ में जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर, मध्य प्रदेश से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर करने के बाद भा…

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like