नदी एक गीत है - प्रेमशंकर शुक्ल

प्रेमशंकर शुक्लप्रेमशंकर शुक्ल16 Sept 1967

6 min read · 12.4K reads

नदी एक गीत है :
जो पहाड़ के कण्‍ठ से निकल
समुद्र की जलपोथी में छप जाती है
जिस के मोहक अनुरणन से हरा-भरा रहता है
घाटी-मैदान

अपने घुटने मोड़ जिसे पीती है बकरी
हबो-हबो कहने पर पी लेते हैं जिसे गाय-गेरू
खेत-खलिहान की मेहनत की प्‍यास में
पीते हैं जिसे मजूर-किसान

नदियों में पानी है तो सदानीरा है जुबान

रेत में हाँफती नदियाँ
भाषा के हलक में खरखराती हैं
कीचड़-कालिख में तड़पती नदियों से
बोली-बानी का फेफड़ा हो रहा है संक्रमित
आँख का पानी भी उतार पर है
और उस पानी की कमी से
आदमी का करेजा हो रहा है काठ !

नदियों की बीमारी से
गाँव-जवार, नगर का चेहरा उतरा हुआ लग रहा है
जैसे कि यमुना की बीमारी से
दिल्‍ली का चेहरा है बेनूर
बेतवा को मण्‍डीदीप दबोच रहा है
क्षिप्रा की दशा देख बिलख रहा है मेघदूत
महानद की उपाधि बचाने में सोन की
फूल रही है साँस

गंगा के प्रदूषण पर रोना रोने के सिवा
क्‍या कर रही है सरकार !

नदी एक गीत है :
जिस के घाट पर ही हमने किया ग़मे-रोजगार

लोककण्‍ठ गाते हैं कि नदियों से ही जीवित हैं
हमारे सजल-संबंध
पार्वती गाँव की मेरी माँ
हर नदी की अपने मायके की सम्‍पदा कहती है

नदी एक गीत है :
ख़ानाबदोश कंकर भी
जिस से अपनी धुन में बहता है !
प्रेमशंकर शुक्ल
About the poet

प्रेमशंकर शुक्ल

View profile & all 9 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीमुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयाये सर-बुलंद होते ही शाने से कट गयामैं मोहतरम हुआ तो ज़माने से कट गया— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजप्रतिज्ञाप्रतिज्ञाएँ बहा दो पानी में लड़कीप्रतिज्ञाएँ बहाओ पानी में;— बीरेंद्र चट्टोपाध्याय