पाकशाला का गीत - प्रेमशंकर रघुवंशी

प्रेमशंकर रघुवंशीप्रेमशंकर रघुवंशी8 Sept 1936 – 21 Sept 2016

3 min read · 12.4K reads

मैं जीरे की छौंक
और हूँ
लहसुन की चटनी
मका बाजरा की रोटी मैं
सौंधी गंध सनी
चौकी बेलन की संगत पर
मैं तो दिनभर गाती
दाल भात की खुशबू से मैं
हर दिन खूब नहाती
मैं चूल्हे की आँच
और हूँ सब्ज़ी की ढकनी
हाथों पिसा मसाला हूँ मैं
हूँ अचार की बरनी
काली मिर्च हींग की डिबिया
जीरामन की फकनी
गुड़-सत्तू का स्वाद और हूँ
सादी नमक भुरकनी
भरी डकारें सुनकर मेरा
रोम-रोम सुख पाता
जब तक खिला न दूँ घर भर को
मुझे चैन न आता
मुझमें सबके प्राण और मैं
सबकी तृप्ति-मणी
प्रेमशंकर रघुवंशी
About the poet

प्रेमशंकर रघुवंशी

View profile & all 70 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like