कोई मिलता है उम्र भर के लिए थोड़े ही - प्रेमरंजन अनिमेष

प्रेमरंजन अनिमेषप्रेमरंजन अनिमेष

7 min read · 12.4K reads

कोई मिलता है उम्र भर के लिए थोड़े ही
प्यार होता गुज़र बसर के लिए थोड़े ही

ले के जाती हवा जो ख़ुशबू तेरी जाने दे
ले के जाएगी अपने घर के लिए थोड़े ही

इक नई सुबह भी बनानी हमें मिलकर दोस्त
साथ अपना है रात भर के लिए थोड़े ही

क्या करोगे सजा के पलकों पे मोती इतने
रह गए लोग इस हुनर के लिए थोड़े ही

अनसुनी ये दुआएँ चुन ले लबों से अपने
आह जो दिल में है असर के लिए थोड़े ही

चूमते भौंरे से कहे ये कली कानों में
ऐसे सपने हैं इस उमर के लिए थोड़े ही

मुझको पहुँचा के जाएगा वो कहाँ और कैसे
रास्ता कोई हमसफ़र के लिए थोड़े ही

मेरे दो आँसू कल मिलें जो किन्हीं आँखों से
है ये अख़बार की ख़बर के लिए थोड़े ही

सब हैं क़ानून की नज़र में बराबर लेकिन
है ये क़ानून हर बशर के लिए थोड़े ही

हो मुहब्बत या ज़िन्दगी या कोई भी रिश्ता
रखना सामान हर सफ़र के लिए थोड़े ही

अपना घर फूँकने का फ़न ये रहा सदियों से
शायरी लाल या गुहर के लिए थोड़े ही

अपने कान्धों पे हैं उठाए हुए फ़िक्रे जहां
कोई कान्धा है अपने सर के लिए थोड़े ही

आज जिस दौर से गुज़र रही दुनिया अनिमेष’
राग कोई है इस पहर के लिए थोड़े ही
प्रेमरंजन अनिमेष
About the poet

प्रेमरंजन अनिमेष

View profile & all 61 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like