ज़िद्दी पैर - प्रेमनन्दन

प्रेमनन्दनप्रेमनन्दन25 Sept 1980

2 min read · 12.4K reads

उतने पैर पसारिए जितनी चादर होय
की लोकोक्ति को
अपने पक्ष में खड़ा करके
चादर छोटी ही होती रही
पैरों से हमेशा!

बाहर न निकल जाएँ
चादर से
इस कोशिश में
कई-कई बार कटना पड़ा पैरों को
चादर में अँटने के लिए।

खुली चुनौती है :
जितनी छोटी होना चाहे,
हो जाए चादर
पैर भी कम ज़िद्दी नहीं हैं!
प्रेमनन्दन
About the poet

प्रेमनन्दन

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like