सपने ज़िन्दा हैं अभी - प्रेमनन्दन

प्रेमनन्दनप्रेमनन्दन25 Sept 1980

4 min read · 12.4K reads

मर नहीं गए हैं सब सपने
कुछ सपने ज़िन्दा हैं अभी भी !
एक पेड़ ने
देखे थे जो सपने
हर आँगन में हरियाली फैलाने के
वे उसके कट जाने के बाद भी
ज़िन्दा हैं अभी
उसकी कटी हुई जड़ों में।

एक फूल ने
देखे थे जो सपने
हर माथे पर ख़ुशबू लेपने के
वे उसके सूखकर बिखर जाने के बाद भी
ज़िन्दा हैं अभी
उसकी सूखी पँखुड़ियों में।

एक तितली ने
देखे थे जो सपने
सभी आँखों में रंग भरने के
वे उसके मर जाने के बाद भी
ज़िन्दा हैं अभी
उसके टूटे हुए पंखों में।

एक कवि ने
देखे थे जो सपने
सामाजिक समरसता के;
जात-पात , छुआछूत, पाखण्ड, अन्धविश्वास
और धर्मान्धता से
मुक्त समाज के,
वे उसके मार दिए जाने के बाद भी
ज़िन्दा हैं अभी
उसकी रचनाओं में।
 
मर नहीं गए हैं सब सपने
कुछ सपने ज़िन्दा हैं अभी भी !
प्रेमनन्दन
About the poet

प्रेमनन्दन

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like