बुज़ुर्ग पेड़ - प्रतिभा सक्सेना

प्रतिभा सक्सेनाप्रतिभा सक्सेना9 Sept 1938

3 min read · 12.4K reads

कुछ रिश्ता है ज़रूर मेरा इन बुज़ुर्ग पेड़ों से!
देख कर ही हरिया जाती हैं आँखें,
उमग उठता है मन, वैसे ही जैसे
मायके की देहरी देख, कंठ तक उमड़ आता हो कुछ!
बाँहें फैलाये ये पुराने पेड़ पत्तियाँ हिलाते हैं हवा में,
इँगित करते हैं अँगुलियों से -
आओ न, कहाँ जा रही हो इस धूप में
थोड़ी देर कर लो विश्राम हमारी छाया में!
℘
मेरी गति-विधियों से परिचित हैं ये,
मुझमें जो उठती हैं
उन भावनाओं का समझते हैं ये!
नासापुट ग्रहण करते हैं हवाओं में घुली
गंध अपनत्व की!
एक नेह-लास बढ़ कर छा लेता है मुझे,
बहुत पुराना रिश्ता है मेरा!
इन बुज़ुर्ग पेड़ों से!
प्रतिभा सक्सेना
About the poet

प्रतिभा सक्सेना

View profile & all 182 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like