कमरे में कोई ऐश-ट्रे भी नहीं... - प्रतिभा कटियार

प्रतिभा कटियारप्रतिभा कटियार

4 min read · 12.4K reads

अमृता और मरीना की याद में

वो उतरती शाम का धुँधलका था
शायद गोधूलि की बेला

बैलों की गले में बँधी घँटियों की रिद्म
उनके लौटते हुए सुस्त क़दम और
दिन भर की थकान उतारने को आतुर सूरज
कितने बेफ़िक्र से तुम लेटे हुए
उतरती शाम की ख़ामोशी को
पी रहे थे
जी रहे थे ।

तुम शाम देख रहे थे
मैं तुम्हें...
तुम्हारी सिगरेट के मुहाने पर
राख़ जमा हो चुकी थी ।
कभी भी झड़ सकती थी वो
बैलों की घंटियों की आवाज़ से भी
हवाओं में व्याप्त सुर लहरियों से भी
मैं उस राख़ को एकटक देख रही थी

तुम बेफ़िक्र थे इससे कि
वो जो राख़ है सिगरेट के मुहाने पर
असल में मैं ही हूँ
तुम्हारे प्यार की आग में जली-बुझी-सी

कमरे में कोई ऐश-ट्रे भी नहीं...
प्रतिभा कटियार
About the poet

प्रतिभा कटियार

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like