अनिवासी भारतीयों का शहर - प्रमोद कुमार

प्रमोद कुमारप्रमोद कुमार3 Sept 1957

6 min read · 12.4K reads

गोरखपुर बहुत पीछे है लखनऊ से
लखनऊ दिल्ली से
दिल्ली वर्षों पीछे अमेरिका से,

ओह, यह शहर इतना पीछे है
और हमें बहुत आगे जाना है अमेरिका तक,
बड़ी बेचैनी है

एक यही बेचैनी चला रही है शहर को
इसे दूर करने में कोई कुछ भी करे
स्वीकार है इसे,

जल्द से जल्द कोई तकनीक लाओ
स्कूल से अस्पताल तक
घर से बाजार तक
सारे रास्ते खोलो
कि
किसी सीधे रास्ते का निवेश हो,
घट सके
अमेरिका पहुँचने का समय,

यह शहर उमस से अपने भीतर भरा है
अपनी पहचान के दागों को मिटाने
लोग खरोच रहे अपनी चमड़ी
पपड़ी-सी नोंच रहें स्मृतियाँ ,

चौबीसों घंटे सारे अंग व्यस्त हैं
यहाँ खुली आँखें वहाँ देख रहीं
पाँव उसके आकाश में चल रहे

उसके गठरों को खोलने में
इनके सारे हाथ बँधे हैं

यहाँ जो ठहाके हैं
वहाँ के ठहाके हैं
रुदन जो सुनाई दे रही
वहीं की है

इस शहर के अपने फटे कैलेण्डर में
जो दो चार उदास चिन्ह हैं
वे यहाँ के उत्सव हैं

मित्रो, रोज़ पसरता
यह शहर
उन लोगों का एक छोटा शहर है
जो इस देश में रहते हुए
अनिवासी भारतीय हैं ।
प्रमोद कुमार
About the poet

प्रमोद कुमार

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like