इस जगह का पता - प्रदीप मिश्र

प्रदीप मिश्रप्रदीप मिश्र1 Sept 1970

6 min read · 12.4K reads

यहाँ से
हर राह गुजरात की तरफ़ जा रही है
कभी यहीं से सारी राहें मेरठ गईं थीं
कभी अयोध्या
तो कभी अलीगढ़ और मुरादाबाद
हर जगह जातीं हैं
यहाँ से राहें
कोई भी राह घर नहीं जाती

यहाँ से
दिखाई देतीं हैं विशाल रथयात्राएँ
दिखाई देते हैं लोगों से खचाखच भरे मैदान
दिखाई देते हैं ज्वालामुखियों पर बसे नगर और महानगर
यहाँ से
सबकुछ दिखाई देता है साफ-साफ
नहीं दिखता है तो सिर्फ़ अपना घर

यहाँ पर एक क़ब्रगाह है
जिसकी सारी कब्रें खुदी हुई हैं
और हड्डियों को हवा बिखेर रही है इधर-उधर
यहाँ पर देश के चुने हुए
विद्वानों, राजनितिज्ञों और समाजसेवकों के
बड़े-बड़े अखाड़े हैं
यहाँ पर राजा का दरबार है
जिसमें देश की क़िस्मत का फ़ैसला होता है
पिछले फ़ैसले में गुजरात को मौत की सज़ा सुनाई गई थी
इसबार किसी प्रदेश की बारी है या मुकम्मल देश की
आँक रहे हैं पत्रकार

सबको पता है इस जगह का पता
फिर भी इस पते पर कोई भी नहीं लिखता
एक लम्बी चिट्ठी कि
अब बस भी करो
हमें अपने घरों में चैन से रहने दो
टहलने दो चाँदनी रात में बैखौफ़ ।
प्रदीप मिश्र
About the poet

प्रदीप मिश्र

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like