पगडण्डी से पक्की सड़क - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

3 min read · 12.4K reads

बेटियाँ सीखती हैं अपनी माँ से ही
स्वेटर बुनना और
खुरदरी हथेलियों पर घर ढोना।

बेटियाँ सीखती हैं माँ से ही
बनाना चपातियाँ गोल-गोल और
अश्रुओं को रसोई तक ही रखना।

बेटियाँ सीखती हैं माँ से ही
चलना मर्द के पीछे-पीछे और
रह जाती हैं वे अक्सर पीछे।

बेटियाँ सीखती हैं माँ से ही
जो उसने अपनी माँ से और
उसकी माँ ने अपनी माँ से सीखा।

इस तरह चलता चला आ रहा है परम्परा का
पगडण्डी से पक्की सड़क बनने का सफ़र।
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like