भड़ास - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

5 min read · 12.4K reads

आकाश में विस्तार बहुत है
और हमारी आँखें छोटी
हम आँखों का विस्तार चाहते हैं

हमारी हथेलियाँ भी हैं छोटी
और हम मुट्ठी में बंद इतिहास चाहते हैं

हम अपनी भड़ास में
सिर्फ अपने नाखून ही नहीं चबाते बल्कि
भविष्य की अशेष उम्मीदों को भी कुतर जाते हैं अक्सर

यह हमारी भड़ास ही होती है कि
हम पुतले दहाते हैं
गर फिर भी नहीं बुझती हमारी भड़ास
तो उन जले हुए पुतलों पर थूकते, मूतते
और हाय-हाय चिल्लाते हैं

हमने कई बार अपनी भड़ास
सार्वजनिक शौचालयों की दीवारों तक पर उकेरी है
हम अपनी भड़ास को लेकर कई दफे भागे हैं खुद से

हमारी भड़ास
हमारे अंदर की खामोशी का ऐसा कोलाहल है
जो हमारे कान में
हलाहल घोलता रहता है निरंतर

हमारी भड़ास
हमारे भीतर पैठी अँधी काल-कोठरी है
जिसके अँधेरे में कई बार पनाहें ली हैं हमने और
खुद को भगोड़ा साबित होने से बचाया है

हमारी भड़ास
हमारे अंदर मैल की तरह जमी हुई उदासी है
जो बूँदों की नहीं, समंदरों की प्यासी है
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like