असंभव सत्य - प्रदीप जिलवाने

प्रदीप जिलवानेप्रदीप जिलवाने1 Sept 1978

5 min read · 12.4K reads

नींद मेरे लिए एक चुंबकीय रास्ता है
जिससे होकर मैं तुम तक पहुँचता हूँ
और तुम्हारी इजाजत के बगैर तुम्हें बेपरवाही से छू लेता हूँ

वे अनंत दुआएँ जो मैं आसमान की ओर अक्सर उछालता हूँ
अँधेरे में झिलमिलाती हैं और मेरे सपनों में तैरती हैं
सुबह उठकर जिन्हें मैं अपने बिस्तर से बहुत आहिस्ता समेटता हूँ
और तिरोहित कर आता हूँ नदी के पवित्र जल में

अपनी बेचैनियों को मैं रात की खामोशियों में
अक्सर कहीं छोड़ आता हूँ
और बदले में तुम्हारी हँसी के हरेपन का जंगल
मल जाता है मेरी देह पर तुम्हारे प्रेम का रंग

समय की झरी हुई पत्तियों के प्रयाण-गीत
आत्मा के अनंत गहरे समंदर में कहीं सस्वर कुलबुलाते हैं
और मेरी नींद को पवित्रता से भर देते हैं

वे समस्त अदेखी यात्राएँ जो मैंने नींद में तुम्हारे साथ की हैं
मेरे जीवन का इकलौता संचय है
और मैं इस असंभव सत्य से कुछ भी खर्चना नहीं चाहता।
प्रदीप जिलवाने
About the poet

प्रदीप जिलवाने

View profile & all 55 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like