शायद - प्रभात त्रिपाठी

प्रभात त्रिपाठीप्रभात त्रिपाठी

6 min read · 12.4K reads

शायद
बहुत कम लोग जानते हैं
वह भाषा
जिसमें तराई शब्द का अर्थ हे
तालाब

शायद बहुत कम लोगों ने देखा हो वो तालाब
जिसे चित्र की तरह उतारकर
मैं लिखना चाहता हूँ
आत्मा में घटता चमत्कार

शायद मन्दिर का वह स्वयंभू लिंग
असल अधिष्ठान हो देवाधिदेव का
और उनके गण
दिन भर छिपे रहते हों
पीपल और बरगद में
और रात को
उनका दर्शन पाते हों
उनके भक्त

ऊँची डगाल से
काई भरे हरे जल में कूदकर
बतखों की तरह डोलते तैरते
शुरू करते हो अपना खेल
और गरमाता हो उनका रक्त
यौवन के समागम का महोत्सव
शायद मनाता हो
लिंगराज मन्दिर के विशाल आँगन में
शायद वहां इसी नाम का कोई तालाब हो
जिसे अभी तराई कहकर मैंने देखा
काली के पैरों तले दबे शंकर को

शायद ईश्वर को भी कभी-कभार
सूझता हो एसा मज़ाक
जैसे मैंने किया इस पल
शायद आँखों में बेवजह
छलक आते जल को रोकने का
कोई दूसरा रास्ता नहीं था
मेरे पास

शायद रूकने के पहले मेरी साँस
आख़िरी बार
करना चाहती है प्यार
देवाधिदेव के सामने
देखती हुई चमत्कार
गीले केश छितरे पीठ पर
आधी झुकी वो लड़की
चढ़ा रही है जल
लिंगराज पर
प्रभात त्रिपाठी
About the poet

प्रभात त्रिपाठी

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like