विपत्तियां दौड़ रही हैं - प्रभात कुमार सिन्हा

प्रभात सरसिजप्रभात सरसिज29 Sept 1949

5 min read · 12.4K reads

विपत्तियाँ सोती नहीं हैं
अपने महल से निकलती हैं और
विघ्नरहित मार्ग पर द्रुतगति से निकल पड़ती हैं
सबसे पहले पहुंचती हैं उन घरों में
जहाँ आज भात रांधा नहीं गया है
ऐसे में कविता लिखकर
सुखकर निद्रा में लहालोट हो जाने से
हीन संस्कारों से ग्रस्त हो जाते हैं कवि
विपत्तियों के गमन-मार्ग में कवि का कंटक बनना ही
उन्हें लोक-वंदनीय बना सकता है
विघ्न के बेड़ों का दंभ तोड़ने के लिये
कवि को योद्धा बनना ही होगा
देखो! विपत्तियाँ किस तरह
अबाधित बाघिन जैसी दौड़ लगा रही हैं
अन्याय का जख़ीरा कांख में दबाये वह
अपने धृष्ट पांव फैला रही है
ऐसे में दैहिक-उच्छवास के प्रति रम्य-भाव से
बिल्कुल सन्यासियों की तरह
मुक्त होना होगा कवियों को
पृथ्वी को खुला बंदीगृह बनने देने से
हरहाल में रोकना ही होगा
विपत्तियाँ दौड़ रही हैं अहर्निश
ऐसे में इन्हें रोकने के लिये
कविता के एक-एक शब्द को गढ़कर
हथौड़ा बनाना होगा।
प्रभात सरसिज
About the poet

प्रभात सरसिज

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like