कापालिक - प्रभाकर माचवे

प्रभाकर माचवेप्रभाकर माचवे26 Sept 1917 – 17 Sept 1991

4 min read · 12.4K reads

1.

सन्ध्या की उदास छायाएँ
पीपल का यह सघन बसेरा
लौट रहा खग-कुल आकुल-मन
कोलाहल मय प्रति कोटर-वन
सुदूर एकाकी तारक ज्यों
गीत अकेला सा यह मेरा...

2.

भूरे नभ में रात उतरती
शिशिर-साँझ की धुँधली वेला
पीपल का विराट श्यामन वपु
खड़ा हुआ कंकाल अकेला
एक चील का क्षीण घोंसला
क्षीण, तीज की पीत शशिकला
अटके हैं ज्यों जीर्ण देह में
बचा मोह का तन्तु विषैला ।

3.

मधु-ऋतु की सकाल अरुणाली
उसी एक पीपल की झाँकी
पुन: पनप कर हरी कोंपलों ने
विवसन शाखें भी ढाँकी
फिर से आ बसते हैं पाखी
जग में लहरी नूतनता की
पर मैं वैसा ही बाकी हूँ
वैसी कड़ियाँ एकाकी ।
प्रभाकर माचवे
About the poet

प्रभाकर माचवे

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like