शीराज़ा-ए-वजूद बिखरने नहीं दिया
दरिया-ए-ख़्वाब-ए-शहर उतरने नहीं दिया
कुछ को न करनी आई सलीक़े से ज़िंदगी
और ज़िंदगी के शौक़ ने मरने नहीं दिया
जिस में कुछ इख़्तियार के चेहरे दिखाई दें
वो आइना ही आइना-गर ने नहीं दिया
कच्चे घड़े का कच्चा सहारा न ढूँढिए
उस ने किसी को पार उतरने नहीं दिया
जब उस को भूलना है तो इतना भी रब्त क्यों
दिल ने फिर उस गली से गुज़रने नहीं दिया
वो क़तरा क़तरा दिल पे बरसते हैं रोज़-ओ-शब
जिन आँसुओं से आँख को भरने नहीं दिया
इक आस है कि ख़्वाहिशें बाँधी हैं जिस के साथ
इक ख़्वाब है कि जिस को बिखरने नहीं दिया








