बेटे के लिए - निवेदिता

निवेदितानिवेदिता4 Sept 1965

8 min read · 12.4K reads

महसूस कर सकती हूँ
तुम्हारे भीतर हो रहे बदलाव को
उस हवा को भी जो तुमको छू कर गुज़रती है
पहचानती हूँ उस बहाव को
जहाँ से शुरू होती है सपनों की धरती
फूट पड़ने को आतुर
तुम्हारे पास जिन्दगी के नए अनुभव हैं
मेरे पास अनुभवों से गुज़रते हुए
जीवन की यादें और गाथाएं
फिर क्यों लगता है, कि हम दोनों
दो युगों की तरह हैं.
 
क्या कोई राह है
जो एक दूसरे से मिलती हों
उठो अगुआई करो और भर लो इस सृष्टि को
सौपती हूँ तुम्हें अतीत के सपने
पूर्वजों की आवाज़
नए समय में जरूरत होगी तुम्हें
हो सकता है
आने वाले समय में
तुम नहीं देख सको
ये जंगल
ये पहाड़
ये धरती
और बसंत का खिलना
जब उजली धुली सुमद्र की लहरें
नहीं कर रही हों तुम्हारा आलिगंन
जब नहीं सुन सको हवाओं में देवदार के गीत
तुम याद करना पूर्वजों को
जो दे गए हैं
घने जंगल का रहस्यमयी स्वर
नगाड़ों की थाप
बसंत के मुख़्तसर सपने
बुरे और पराजित समय में भी वे देंगे साथ
 
यह समय पूंजी का है
पूंजी जहाँ होती है वहां नहीं होते सपने
सपने और भूख की लगेगी बोली
जब धरती आकाश सब होगा उनके नियंत्रण में
नहीं बचेगा महान सभ्यता का कोई अवशेष
जहाँ नहीं होगी पैरों के नीचे ठोस ज़मीं
नहीं होगा सतरंगों से घिरा आसमान
यदि तुम रोक सको तो रोकना
अपनी पूरी ताकत से
विचार से
 
ये दुनिया हमारी है
हमारी यादों और जीवन से लबरेज
गरम लोहे सी लाल धरती हमारी है
धरती-सा स्पन्दित हमारा ह्दय
हमारी आत्मा
सौपती हूँ तुम्हें
सौपती हूँ मुक्ति का स्वप्न
ये गीत तुम्हें ही गाने होंगे
कहना होगा
जलो जलो पुरातन पृथ्वी
नछत्र सौरमंडल जलो
जल अतल जलो
निवेदिता
About the poet

निवेदिता

View profile & all 18 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like