काश! मैं लिख पाती - नीरजा हेमेन्द्र

नीरजा हेमेन्द्रनीरजा हेमेन्द्र24 Sept 1968

5 min read · 12.4K reads

आज मेरे शब्द भी
मेरी हथेलियों से
फिसलते जा रहे हैं
नीले आसमान में उड़ते
श्वेत बादलों के पीछे कहीं
गुम होते जा रहे हैं... न जाने कहाँ?
वो शब्द
जिन्हे मैं निकाल लायी थी
हृदय से
टाँकती चली जा रही थी
प्रेम के पन्नों पर
शब्द... नेह के... भावनाओं के...
शब्द... देहबन्ध की सीमाओं से मुक्त
शब्द... नर्म दूब पर पड़ी ओस के बूदों जैसे
जंगल में बेलौस घूमती हिरनी जैसे
शब्द झाड़ियों में छुपे खरगोश जैसे... धवल... निर्लिप्त...
सारे शब्द मेरे थे... अपने थे...
शब्द लेने लगे हैं रूप तुम्हारा
दुनियावी, दैहिक, अपरिचित...
किन्तु ज़िद है मेरी
दूर जाते शब्दों को मैं लाऊँगी वापस
लिखूँगी प्रेम की परिभाशा
सृजित कर लूँगी तुम्हें... बदलती ऋतुओं में...
हवाओं के गीतों में...
झरने के संगीत में
जाऊँगी नीले आसमान में
उड़ते बादलों के पास
तुम्हारे साथ
ले आऊँगी
गुम होते उन शब्दों कों
लिखूँगी सदियों से व्यक्त होते
वही ढाई अक्षर... प्रेम के
यह ज़िद है मेरी
काश! मैं लिख पाती
एक और ढाई अक्षर... घृणा...
नीरजा हेमेन्द्र
About the poet

नीरजा हेमेन्द्र

View profile & all 92 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like