अभिनन्दन वसंत का - नीरजा हेमेन्द्र

नीरजा हेमेन्द्रनीरजा हेमेन्द्र24 Sept 1968

4 min read · 12.4K reads

वासंती बयार और आम की छाँव है,
खिल उठे पलाश वन हरा-भरा गाँव है।
झूम उठे कचनार अरहर लहरा रही,
बाँसों के झुरमुट में गौरैया गा रही।
अभिनन्दन करो सब वासंती पर्व का,
पुष्प-पुष्प, डाल-डाल वसंत ऋतु आ रही।
प्रकुति का आवरण कभी धानी, कभी लाल हुआ,
साँझ का क्षितिज सतरंगी गुलाल हुआ।
पानी-सा चंचल मन डोल रहा आजकल,
छुप-छुप कर कोयलिया मदन गीत गा रही।
उठ रहा झोंपड़ी से सोंधा-सोंधा-सा धुँआ,
सिक रही रोटियाँ, जल रहा अलाव है।
वसंत के गीत हवायें गुनगुना रहीं,
नदी की सतह पर लहरें इठला रहीं।
झरने की कल-कल नई धुन सुना रही,
फूलों के रस से नव सृष्टि नहा रही,
भौरों की गुनगुन और चिड़ियों की कलरव है,
नृत्य कर रहा हृदय ज्यों गोरी के पाँव हैं।
वासंती बयार और आम की छाँव है।
नीरजा हेमेन्द्र
About the poet

नीरजा हेमेन्द्र

View profile & all 92 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like