मुश्किलों की यही हैं बड़ी मुश्किलें - नीरज गोस्वामी

नीरज गोस्वामीनीरज गोस्वामी14 Sept 1950

3 min read · 12.4K reads

मुश्किलों की यही हैं बड़ी मुश्किलें
आप जब चाहें कम हों, तभी ये बढ़ें

अब कोई दूसरा रास्ता ही नहीं
याद तुझको करें और जिंदा रहें

बस इसी सोच से, झूठ कायम रहा
बोल कर सच भला हम बुरे क्यूँ बनें

डालियों पे फुदकने से जो मिल गयी
उस ख़ुशी के लिए क्यूँ फलक पर उड़ें

हम दरिन्दे नहीं गर हैं इंसान तो
आइना देखने से बता क्यूँ डरें ?

ज़िन्दगी खूबसूरत बने इस तरह
हम कहें तुम सुनो तुम कहो हम सुनें

आके हौले से छूलें वो होंठों से गर
तो सुरीली मुरलिया से ‘नीरज’ बजें
नीरज गोस्वामी
About the poet

नीरज गोस्वामी

View profile & all 53 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like