फिर तिरा इंतिज़ार देखेंगे

नीना सहरनीना सहर25 Aug 1966

1 min read · 12.4K reads

फिर तिरा इंतिज़ार देखेंगे

दिल को फिर बे-क़रार देखेंगे

फूल खिलने से पहले आ जाओ

आज मिल कर बहार देखेंगे

कैसे चुपके से लौट आता है

मौसमों पर ख़ुमार देखेंगे

तुझ को रख कर निगाह में अपनी

आज अपना सिंगार देखेंगे

रूठ जाएँगे मान जाएँगे

नाज़ कर के हज़ार देखेंगे

चाहतों के कवच पहन लेंगे

फिर ज़माने के वार देखेंगे

गुफ़्तुगू से ख़लल न आ जाए

आज बस तुझ को यार देखेंगे

नीना सहर
About the poet

नीना सहर

मूल नाम : नीना मोहिंदर जन्म : 25 Aug 1966

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like