कहा जो हम ने कि शैदा-ए-यार हम भी हैं
तो दिल पुकार उठा जाँ-निसार हम भी हैं
अदू तो लेते ही हैं बोसा आप के रुख़ के
बलाएँ लेने के उम्मीद-वार हम भी हैं
कहा जिगर ने जो देखी ये दिल की बेताबी
हमें भी चैन नहीं बे-क़रार हम भी हैं
वो मरने पर मिरे रोए तो हूरें बोल उट्ठीं
तुम्हीं नहीं हो फ़क़त सोगवार हम भी हैं
इशारा करते हैं तेग़-ए-निगह से तीर-ए-मिज़ा
कि तेरा वार तो हो दिल के पार हम भी हैं
वो बा'द क़त्ल के देते हैं मुझ को यूँ तस्कीं
कि ख़म है तेग़ का सर शर्मसार हम भी हैं
कहा ये आबला-ए-पा ने दश्त-ए-ग़ुर्बत में
ज़रा ख़याल रहे नोक-ए-ख़ार हम भी हैं
इधर भी सूरत-ए-ज़ाहिद कोई निगाह-ए-करम
कि तेरे बंदों में परवर-दिगार हम भी हैं








