जो हम से ज़िंदगी हर दम ख़फ़ा मा'लूम होती है
हमें तो साफ़ अपनी ही ख़ता मा'लूम होती है
ज़रा सी बद-गुमानी थी और उन का अब ये आलम है
दुआ देते हैं उन को बद-दुआ' मा'लूम होती है
लगाएँगे गले से कब वो कब नज़रें चुराएँगे
हमें पहले से उन की हर अदा मा'लूम होती है
सँवर जाता है उस से बात करके यूँ मिरा लहजा
मुझे ख़ुद दिल-नशीं अपनी सदा मा'लूम होती है
उखाड़े खे़मे इतनी बार हम ख़ाना-ब-दोशों ने
कि अब अपनी सी हर आब-ओ-हवा मा'लूम होती है








