अपनी साथी ख़रीद लाई हूँ
मैं उदासी ख़रीद लाई हूँ
कल लटकना है मुझ को पंखे से
आज रस्सी ख़रीद लाई हूँ
आँसुओं में भिगो के खाऊँगी
सूखी रोटी ख़रीद लाई हूँ
वो मुझे याद तो करेगा ना
देख हिचकी ख़रीद लाई हूँ
तेरा तोहफ़ा समझ के पहनूँगी
सुर्ख़ चूड़ी ख़रीद लाई हूँ
हाँ तिरा हिज्र काटना है मुझे
शाल काली ख़रीद लाई हूँ
अब दिसम्बर में कौन भेजेगा
अपनी जर्सी ख़रीद लाई हूँ
अपनी आँखों को बेच कर 'नाहीद'
एक खिड़की ख़रीद लाई हूँ








