अभियान गीत - नचिकेता

नचिकेतानचिकेता

4 min read · 12.4K reads

बजा हथौड़ा ठन-ठन-ठन
मिटके रहेगा अब शोषण

यह नकली आज़ादी भी
ख़ून हमारा पीती है
औ सरमायेदारों की
बस्ती में ही जीती है
हँसिये की है भौंह तनी
मिटके रहेगा क्रूर दमन

बजा हथौड़ा ठन-ठन-ठन
मिटके रहेगा अब शोषण

सत्ताधारी के घर में
अब न मनेगी दीवाली
देती है संदेश हमें
उगते सूरज की लाली
तूफ़ानों ने ही आख़िर
दिया हमें फिर आमंत्रण

बजा हथौड़ा ठन-ठन-ठन
मिटके रहेगा अब शोषण


हर घर की दीवारों की
सुलगी आज निगाहें हैं
हक़ की बड़ी लड़ाई को
फड़क रही फिर बाहें हैं
दशों दिशाओं में गूँजी
हथियारों की खन-खन-खन !

बजा हथौड़ा ठन-ठन-ठन !
मिटके रहेगा अब शोषण !


(1977 में रचित)
नचिकेता
About the poet

नचिकेता

View profile & all 43 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like