ख़ंजर तिरे हाथों में सँभल जाए तो अच्छा
क़ातिल मिरा अरमान निकल जाए तो अच्छा
मर जाएँगे पर दिल न लगाएँगे किसी से
जी और किसी ढब से बहल जाए तो अच्छा
हर रोज़ वो ढूँढे हैं कोई ताज़ा ख़रीदार
सूरत मिरी हर रोज़ बदल जाए तो अच्छा
आने से तिरे जान तो ठहरी थी कोई दम
इक दम के लिए जी भी सँभल जाए तो अच्छा
ता-हश्र तिरे दाम से मुश्किल है रिहाई
इस सौदे का मर कर भी ख़लल जाए तो अच्छा
मर कर भी ये कहता हूँ कि जो जी में है मेरे
इस दम की तरह जी से निकल जाए तो अच्छा
हर शे'र सफ़ाई में है उस रुख़ के बराबर
'तस्कीन' वहाँ ये भी ग़ज़ल जाए तो अच्छा








