तुम से भारत के लोगों की
देखी न गई जब बर्बादी
बे-ख़ौफ़-ओ-ख़तर हो कर यकसर
लड़ने लगे जंग-ए-आज़ादी
की दूर वतन से बर्बादी
ऐ नेता जी ऐ नेता जी
चितरंजन-दास की क़ुर्बत में
भारत के लिए हर काम किया
दानिश जुरअत ही से अपनी
क़ौमी तहरीक में नाम किया
माँगें थीं तुम्हारी बुनियादी
ऐ नेता जी ऐ नेता जी
झेले न गए अंग्रेज़ों के
बढ़ते हुए हद से ज़ुल्म-ओ-सितम
इक फ़ौज बना कर फिर तुम ने
सब ख़त्म किए उन के दम-ख़म
कर दी दुश्मन की बर्बादी
ऐ नेता जी ऐ नेता जी
आज़ादी की ख़ातिर तुम ने
जेलें काटीं हर ग़म झेला
आज़ाद हुआ जिस दिन भारत
तुम ने ही न आँखों से देखा
तुम देखते जश्न-ए-आज़ादी
ऐ नेता जी ऐ नेता जी
जापान में जा कर ऐ नेता
किस तरह कहाँ रू-पोश हुए
रुख़ कर न सके फिर भारत का
ऐसे भी क्या मदहोश हुए
आ जाओ कि अब है आज़ादी
ऐ नेता जी ऐ नेता जी
अक्सर ये गुमाँ है लोगों को
तुम सामने जैसे आए हो
उस का ये कहीं मतलब तो नहीं
तुम ज़ेहन-ओ-दिल पर छाए हो
कहती है ये सारी आबादी
ऐ नेता जी ऐ नेता जी








