दस्त-ए-दामन दु'आ रहे न रहे

मरयम नाज़मरयम नाज़22 Jan 1988

1 min read · 12.4K reads

दस्त-ए-दामन दु'आ रहे न रहे

हम चले अब वफ़ा रहे न रहे

मैं फ़ना की डगर पे हूँ यारो

अब किसी की सज़ा रहे न रहे

आइने तुम तो मेरे साथ रहो

मुझ में चाहे अदा रहे न रहे

जलना क़िस्मत में है तो जलना है

छत पे कोई घटा रहे न रहे

पाँव नंगे हैं हर तमन्ना के

सर पे अब के रिदा रहे न रहे

हो गई जो ख़ता तो अब के बरस

मुझ में कोई ख़ता रहे न रहे

जल गई बाग़ की उमीदें भी

अब गुलों में फ़ज़ा रहे न रहे

मेरे ज़ख़्मों के दस्त-ए-दामन में

दर्द की अब दवा रहे न रहे

बुझ गए दीप सब वफ़ाओं के

सहन में अब हवा रहे न रहे

फ़र्क़ पड़ता है क्या भला मुझ को

उस के दिल में दग़ा रहे न रहे

अलमिये ख़ूब हम ने झेले हैं

डर नहीं अलमिया रहे न रहे

गिर्या-ओ-ग़म के आईने में हैं

'अक्स में अब अज़ा रहे न रहे

मेरे पहलू से आग है लिपटी

सर पे बाद-ए-सबा रहे न रहे

लब खुले हैं तो कुछ सुनो पल-भर

क्यूँ के फिर ये गिला रहे न रहे

अब न लौटेंगे फिर कभी 'मरियम'

मेरे पीछे सदा रहे न रहे

मरयम नाज़
About the poet

मरयम नाज़

उपनाम : 'मरयम नाज़' मूल नाम : समीरा अंजुम जन्म : 22 Jan 1988

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like