रोशनी - मणि मोहन

मणि मोहनमणि मोहन2 Sept 1967

2 min read · 12.4K reads

इस रोशनी में
थोड़ा-सा हिस्सा उसका भी है
जिसने चाक पर गीली मिट्टी रखकर
आकार दिया है इस दीपक को

इस रोशनी में
थोड़ा-सा हिस्सा उसका भी है
जिसने उगाया है कपास
तुम्हारी बाती के लिए
थोड़ा-सा हिस्सा उसका भी
जिसके पसीने से बना है तेल

इस रोशनी में
थोड़ा-सा हिस्सा
उस अंधेरे का भी है
जो दिये के नीचे
पसरा है चुपचाप ।
मणि मोहन
About the poet

मणि मोहन

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like