सोच रही हूँ - नज़्म

मैमूना अब्बास ख़ानमैमूना अब्बास ख़ान

1 min read · 12.4K reads

गूँगी होती हुई ख़ामोशी

सन्नाटे की दहलीज़ पकड़ कर

जाने कब तक जमी रहेगी

मैं वो लफ़्ज़ ही भूल आई हूँ

रस्ते में ही गिरा आई हूँ

जो तुम से मिलने आए थे

जानते हो तुम

लफ़्ज़ मिरी धड़कन थे उस पल

सीने में इक हश्र बपा था

सुर्ख़ी का पैराहन ओढ़े

मेरे सजीले लफ़्ज़ वो सारे

सपनों के रंगीन महल में

रहने को बे-ताब बहुत थे

तुम शायद कुछ कह दो उन से

इक मासूम सी ख़्वाहिश ले कर

पास तुम्हारे आ बैठे थे

लेकिन

तुम ने जान ही ले ली उन की

जीते-जागते लफ़्ज़ वो सारे

ज़र्द पड़े बस तकते रह गए

और फिर इस पर

सर्द बर्फ़ सा लहजा तुम्हारा

लफ़्ज़ तो जैसे मरने लगे थे

दिल की धड़कन रुक सी गई थी

सर्द पड़ती वो लाशें उन की

जिस पल मैं ने समेटी थीं

वीराँ होते सीने में

उन की क़ब्रें खोदी थीं

और उन्हें दफ़नाया था

जिस सीने में हश्र बपा था

अब सन्नाटे गूँजते हैं

मैं चुप ले कर आई हूँ

रोज़ लरज़ते हाथों से

अश्कों में इक भीगी हुई

चादर उन पे चढ़ाती हूँ

सोच रही हूँ

गूँगी होती हुई ख़ामोशी

सन्नाटे की दहलीज़ पकड़ कर

जाने कब तक जमी रहेगी

मैमूना अब्बास ख़ान
About the poet

मैमूना अब्बास ख़ान

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like