मौत किस ने बाँटी है

मैमूना अब्बास ख़ानमैमूना अब्बास ख़ान

1 min read · 12.4K reads

रात के अँधेरे में

आज फिर दबे पाँव

सरसराती सरगोशी

फन उठा के चलती है

वक़्त रेत की मानिंद

हाथ से फिसलता है

नींद मुझ से रूठी है

भूक रक़्स करती है

प्यास चुभने लगती है

साँस क्यूँ अटकती है

झाँको मेरी आँखों में

अक्स देख लो अपना

और मुझे ये बतला दो

क्या तुम्हें खटकता है

क्यूँ गुरेज़ाँ हो मुझ से

क्या में बोझ लगती हूँ

क्यूँ मचल सी जाती हो

हाथ भी बढ़ाती हो

फिर परे खिसकती हो

हाथ खोल दो मेरे

भींच लो ना सीने में

गाल छूने दो अपने

गर नहीं रही कल मैं

लम्स तो रहेगा ना

ये सदाएँ कैसी हैं

जिन की गूँज से मेरे

कान सनसनाते हैं

किस की सिसकियाँ हैं ये

ज़िंदगी की या तुम हो

मौत तो नहीं ना ये

मौत गर नहीं है ये

आहटें हैं फिर किस की

क्यूँ घुटन का पहरा है

क्या मुझे जनम दे कर

तुम ने मौत बाँटी है

मैमूना अब्बास ख़ान
About the poet

मैमूना अब्बास ख़ान

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like