जहान-ज़ादी का स्टेटस

मैमूना अब्बास ख़ानमैमूना अब्बास ख़ान

1 min read · 12.4K reads

ज़माना कितना बदल गया है

मक़ाम रिश्तों का मिट रहा है

कहीं मोहब्बत का रूप धारे

कहीं सुलगते ये नफ़रतों से

कहीं पे आँखों में रेत बन कर

चुभन की सूरत रुला रहे हैं

कहीं ये बर्क़ी पयाम बन कर

हज़ार मीलों पे छाई दूरी के बादलों को हटा रहे हैं

दिलों की धड़कन बढ़ा रहे हैं

रिवायतों को बदल रहे हैं

वफ़ा के धागे जफ़ा से हर दम उलझ रहे हैं

उदास लम्हे ख़ुशी-ओ-हैरत की सारी घड़ियाँ

दिलों से बाहर निकल के दीवार का नविश्ता

मोहब्बत अज़ली अज़ीम रिश्ता

जो लाखों पर्दों में जगमगाता था

अब स्टेटस पे इश्तिहा की ख़बर की सूरत बदल रहा है

कोई भी जज़्बा कोई भी रिश्ता

न मुस्तक़िल है न मो'तबर है

पलक झपकने में बदले मंज़र

कि जैसे कोई जहान-ज़ादी तअ'ल्लुक़ अपना बदल रही हो

नई कोई चाल चल रही हो

जुनूँ की अगली जो मंज़िलें हैं

वहाँ पे तस्वीरें आवेज़ाँ हैं

दबी दबी मुस्कुराहटें हैं

घुटी घुटी संसनाहटें हैं

जुनून एहसास और मोहब्बत

वक़ार अपना मिटा रही हैं

बता रही हैं

ज़माना कितना बदल गया है

मैमूना अब्बास ख़ान
About the poet

मैमूना अब्बास ख़ान

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like