आना हो तो आ जाओ बहाना नहीं अच्छा
हर रोज़ का मुझ को ये सताना नहीं अच्छा
पीरी में समझ आई जवानी गई अफ़सोस
मालूम हुआ दिल का लगाना नहीं अच्छा
इक दर्द-रसीदा की ज़रा आँख लगी है
ऐ मुर्ग़-ए-सहर-ख़ेज़ जगाना नहीं अच्छा
क़श्क़ा जिसे कहते हैं वो है दाग़-ए-ग़ुलामी
ऐ बरहमन इस का तो लगाना नहीं अच्छा
जो कहना हो ख़ल्वत में बुला कर मुझे कह लो
बातें ये सर-ए-बज़्म सुनाना नहीं अच्छा
बेकार की रंजिश है लिपट जाओ गले से
आशिक़ हूँ मुझे इतना सताना नहीं अच्छा
हंगामा-ए-महशर मिरे शिकवों में निहाँ है
है ज़ब्त-ए-नफ़स शर्त ज़माना नहीं अच्छा
मिल जाइए मिलना है अगर 'शाद' से मंज़ूर
हर रोज़ ये हीला ये बहाना नहीं अच्छा








